+91 7881133302 info@divineworldmission.com Lucknow, UP
Divine World Mission

गुरु सानिध्य का समय: चेतना के जागरण का सूक्ष्म आयाम

21 Apr 2026
साधना की यात्रा में समय केवल घड़ी की सुइयों का प्रवाह नहीं होता है … वह तो समय व्यतीत होने के साथ साथ चेतना के परिपक्व होने का आंतरिक मापदंड बन जाता है... और जब यही समय गुरु के सानिध्य में व्यतीत होता है... तब वह सामान्य कालखंड न रहकर साधकों के लिए अमृत-वेला में परिवर्तित हो जाता है... गुरु सानिध्य का समय बाह्य दृष्टि से कुछ क्षणों का प्रतीत हो सकता है... परंतु सूक्ष्म स्तर पर वही क्षण साधक के संपूर्ण जीवन की दिशा को ही परिवर्तित करने की क्षमता रखते हैं... यह समय साधक के लिए केवल सीखने का अवसर नहीं होता है बल्कि स्वयं को पुनः देखने, पहचानने और रूपांतरित करने की प्रक्रिया का आरंभ होता है... गुरु का सानिध्य किसी उपदेश या शब्दों की परिधि में सीमित नहीं होता है… वह एक जीवंत ऊर्जा क्षेत्र होता है... जहाँ गुरु का मौन भी उतना ही प्रभावी होता है जितना उनका वचन... जब साधक उस ऊर्जा क्षेत्र में प्रवेश करता है... तब उसके भीतर वर्षों से जमी हुई मानसिक ग्रंथियाँ बिना किसी प्रयास के ढीली होने लगती हैं... अनेक बार साधक को यह भी ज्ञात नहीं होता कि उसके भीतर क्या बदल रहा है...? उसके विचारों की दिशा...? भावनाओं की शुद्धता...? दृष्टिकोण की स्पष्टता...? लेकिन धीरे-धीरे साधक को महसूस होने लगता है कि सब कुछ स्वतः परिवर्तित होने लगा... यही गुरु सानिध्य की वास्तविक क्रिया है... जहाँ परिवर्तन प्रयास से नहीं किया जाता है... उपस्थिति मात्र ही पर्याप्त होता है.... गुरु सानिध्य समय का एक अत्यंत सूक्ष्म पक्ष यह भी है कि वहाँ साधक के भीतर अहं का शमन प्रारंभ होता है... साधना के प्रारंभिक चरणों में व्यक्ति अपने ज्ञान, अनुभव या उपलब्धियों के आधार पर स्वयं को परिभाषित करता है... परंतु गुरु के समक्ष यह समस्त परिभाषाएँ स्वतः तिरोहित होने लगती हैं... गुरु कोई ऐसा दर्पण नहीं होते है जो केवल बाह्य स्वरूप दिखाएँ... बल्कि वे उस आंतरिक सत्य को प्रकट करते हैं... जिसे साधक स्वयं भी देखने से बचता रहता है... यह प्रक्रिया कभी-कभी साधक को असहज भी कर सकती है... परंतु यही असहजता उसके वास्तविक आध्यात्मिक यात्रा के विकास का द्वार खोलती है... गुरु सानिध्य का समय साधक के लिए संक्रमण का समय होता है... अज्ञान से ज्ञान की ओर.... अस्थिरता से स्थिरता की ओर... बाह्य आश्रय से आंतरिक आधार की ओर... यह वह अवस्था है जहाँ साधक धीरे-धीरे यह समझने लगता है कि गुरु उसे अपने प्रति निर्भर बनाने नहीं आए हैं... बल्कि उसे स्वयं का साक्षी बनाने के लिए उपस्थित हैं... गुरु की प्रत्येक दृष्टि, प्रत्येक संकेत और प्रत्येक मौन साधक को भीतर की ओर लौटने का मौन निमंत्रण देता है... इस सानिध्य में साधना केवल बैठकर ध्यान करने की क्रिया तक सीमित नहीं रहती है... यहाँ चलना, बोलना, सुनना, सेवा करना आदि सब कुछ साधना बन जाता है... गुरु के निकट रहकर साधक यह अनुभव करने लगता है कि जीवन का कोई भी क्षण साधना से पृथक नहीं है... जब यह दृष्टि जागृत होती है, तब साधक के लिए साधना एक निश्चित समय की क्रिया न रहकर जीवन की निरंतर अवस्था बन जाती है... यही वह परिवर्तन है जो साधना को कर्मकाण्ड से मुक्त कर उसे चेतना की सहज लय में प्रतिष्ठित करता है... गुरु सानिध्य का एक और गूढ़ आयाम है... वह है संस्कारों का शोधन... साधक अपने साथ अनेक जन्मों के संस्कार, प्रवृत्तियाँ और अपूर्ण अनुभव लेकर आता है... ये संस्कार उसके व्यवहार, निर्णय और जीवन की परिस्थितियों को प्रभावित करते हैं... गुरु के सानिध्य में यह समस्त संचित प्रभाव धीरे-धीरे सतह पर आने लगता है... और गुरु की कृपा से उनका शोधन भी प्रारंभ हो जाता है... यह प्रक्रिया कभी तीव्र होती है... कभी अत्यंत सूक्ष्म, परंतु इसका परिणाम साधक के भीतर गहन हल्केपन और स्पष्टता के रूप में प्रकट होता है... गुरु सानिध्य का समय साधक के लिए केवल प्राप्ति का माध्यम नहीं होता है... यह समर्पण का अभ्यास भी होता है... यहाँ साधक धीरे-धीरे यह सीखता है कि जीवन को नियंत्रित करने की उसकी चेष्टा ही उसके दुखों का मूल कारण है... जब वह गुरु के सानिध्य में स्वयं को ढीला छोड़ना सीखता है... तब उसके भीतर एक नया विश्वास जन्म लेता है कि जीवन को चलाने वाली शक्ति उससे कहीं अधिक व्यापक और बुद्धिमान है... यह विश्वास ही समर्पण की नींव है और यही समर्पण साधना को गहराई प्रदान करता है... इस सानिध्य में समय का एक विशेष गुण होता है... वह है तीव्रता... सामान्य जीवन में जो परिवर्तन वर्षों में संभव होता है... वह गुरु के सानिध्य में कुछ ही क्षणों में घटित हो सकता है...इसका कारण यह नहीं कि वहाँ कोई चमत्कार होता है बल्कि यह है कि वहाँ चेतना की गति अत्यंत तीव्र हो जाती है... साधक का मन जो सामान्यतः अनेक दिशाओं में भटकता रहता है... गुरु की उपस्थिति में एकाग्र होने लगता है... और जब मन एकाग्र होता है... तब चेतना का कार्य अत्यंत तीव्रता से होता है... परंतु गुरु सानिध्य का वास्तविक लाभ तभी संभव है... जब साधक उसमें सजग उपस्थिति के साथ सम्मिलित हो...केवल शारीरिक रूप से उपस्थित होना पर्याप्त नहीं है... आवश्यक यह है कि साधक अपने भीतर के शोर को शांत कर... अपेक्षाओं को छोड़कर... पूर्ण ग्रहणशीलता के साथ उस ऊर्जा क्षेत्र में प्रवेश करे... जितनी अधिक उसकी ग्रहणशीलता होगी... उतनी ही गहराई से वह उस सानिध्य को अनुभव कर पाएगा... अंततः गुरु सानिध्य का समय साधक को यह बोध कराता है कि जिस सत्य की वह खोज कर रहा है... वह बाहर कहीं नहीं है... वह उसी के भीतर विद्यमान है... गुरु केवल उस सत्य की ओर संकेत करते हैं... उसे जागृत करते हैं... साधक को उसके अपने स्वरूप का साक्षात्कार कराते हैं... यही कारण है कि गुरु सानिध्य का प्रत्येक क्षण अमूल्य है क्योंकि वह साधक को उसके स्वयं के केंद्र की ओर ले जाता है... जब साधक इस सानिध्य को समझ लेता है... तब उसके लिए गुरु के पास बैठना ही साधना नहीं रह जाता है... गुरु की स्मृति, उनका भाव और उनकी चेतना उसके भीतर स्थायी रूप से स्थापित हो जाती है... तब वह जहाँ भी होता है... गुरु सानिध्य वहीं उपस्थित हो जाता है....यही गुरु कृपा की पराकाष्ठा है... जहाँ बाह्य सानिध्य आंतरिक साक्षात्कार में रूपांतरित हो जाता है... गुरु सानिध्य का समय वास्तव में समय नहीं है… वह चेतना का वह द्वार है, जहाँ से साधक अपने सीमित अस्तित्व से निकलकर अनंत की यात्रा पर अग्रसर होता है। यही वह बिंदु है जहाँ साधना प्रयास से अनुग्रह में परिवर्तित होती है… और जीवन, साधना का सर्वोच्च रूप धारण कर लेता है।
Share this: